ददुआ गैंग के शार्प शूटर रोहिणी उर्फ तहसीलदार सिंह का बीमारी से निधन

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: दहशतगर्दों में शुमार ददुआ गैंग का कुख्यात शार्प शूटर रोहिणी उर्फ तहसीलदार सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहा। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वह गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। गैंग का यह शूटर कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है और पुलिस की निगरानी में लंबे समय तक रहा।
तहसीलदार सिंह ने 2009 में अपने साथी राधे के साथ मझगवा थाने में सरेंडर किया था। उस समय यह घटना चर्चा का विषय बनी थी, क्योंकि दोनों ने खुद ही मीडिया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। ददुआ की मौत के बाद गैंग के कई सदस्य या तो मारे गए या कानून के हवाले हो गए थे।
सूत्रों के मुताबिक, सरेंडर के बाद तहसीलदार सिंह ने अपराध की दुनिया से दूरी बना ली थी और सामान्य जीवन जीने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, उसका अतीत अक्सर उसके सामने आ खड़ा होता था। बीमारी के कारण उसका जीवन धीरे-धीरे संघर्षपूर्ण होता गया और आखिरकार उसका अंत हो गया।






