CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशी

दो वाहन चोर गिरफ्तार, तीन दोपहिया वाहन बरामद

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद दोनों मोटरसाइकिलें रुद्रपुर कोतवाली में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित बताई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को अमन पुत्र ज्ञान सिंह ने विशाल मेगा मार्ट स्थित पार्किंग से अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके-06-एके-4820) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी तरह सागर अरोरा ने मुख्य बाजार स्थित ग्रोवर फर्नीचर के सामने से हीरो सीडी डॉन मोटरसाइकिल (यूए06-डी-1925) चोरी होने की शिकायत की थी। दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की गई थी।

एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की सुरागरसी शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित सेक्शन इंजीनियर कार्यालय के पास झाड़ियों में दो युवक दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपी नंबर प्लेट हटाकर वाहनों को सुनसान स्थानों और झाड़ियों में छिपा देते थे और ग्राहक मिलने पर उन्हें कम कीमत में बेचने की तैयारी करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अरमान (19) पुत्र अली हुसैन निवासी मलसी रुद्रपुर मूल निवासी सुकटवा ज्वालापुर थाना बिलासपुर जिला रामपुर, उ.प्र. तथा अरमान (19) पुत्र नन्हे निवासी ग्राम ज्वालापुर भैंसिया थाना बिलासपुर, रामपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर, हीरो सीडी डॉन और काले रंग की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराएं बढ़ाकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप पंत, दीपक बहुगुणा, कांस्टेबल हरीश रावत, हयात चंद्र और महेश पंचपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button