उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़.राज्य खबरें

कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस का शिकंजा, चोर के साथ मारपीट करने वालों पर भी मुकदमा

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले में कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पट्टी कोतवाली क्षेत्र में चोरी के प्रयास के दौरान पकड़े गए युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने न सिर्फ आरोपी चोर, बल्कि उसकी पिटाई करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गोदाम में चोरी की कोशिश

घटना पट्टी कस्बे के रायपुर रोड स्थित सना इंटरप्राइजेज नामक हार्डवेयर दुकान की है। दुकान के पीछे बने गोदाम में गुरुवार देर रात एक युवक चोरी के इरादे से पीछे के दरवाजे से अंदर घुस गया। गोदाम से आ रही खटपट की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार जाग गए।

दुकानदारों ने तुरंत गोदाम मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने गोदाम के अंदर छिपे युवक को पकड़ लिया और बाहर ले आए।

भीड़ ने की बेरहमी से पिटाई

युवक को पकड़ने के बाद गुस्साए लोगों ने कानून को हाथ में ले लिया। आरोप है कि भीड़ ने युवक के कपड़े फाड़ दिए, उसे जमीन पर गिराकर डंडों से पीटा और लात-घूंसे बरसाए। कड़ाके की ठंड में युवक रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी।

पुलिस ने बचाई जान

सूचना मिलते ही पट्टी थाना प्रभारी आनंदपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने ले आई। इसके बाद युवक को अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय इलाज कराया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो के आधार पर युवक की पिटाई करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

चोर और मारपीट करने वालों पर केस

थाना प्रभारी आनंदपाल सिंह ने बताया कि दुकानदार की तहरीर पर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी पंचम गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही युवक के साथ मारपीट कर कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। जो भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और स्वयं कानून हाथ में न लें। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है और इसमें बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button