
पुरोला संवाददाता सचिन
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार के नेतृत्व में शनिवार को नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बाजार में नियमित सफाई, नालियों की समुचित सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था, पेयजल सुविधा और फॉगिंग व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार ने बताया कि बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण व्यापारियों के साथ ही आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। वहीं सार्वजनिक शौचालयों में भी साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है।
ज्ञापन में बाजार क्षेत्र में ब्लिचिंग पाउडर एवं आवश्यक कीटनाशक सामग्री का नियमित छिड़काव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापार मंडल ने मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग का समय भी बदलने की मांग की है। व्यापारियों के अनुसार वर्तमान में कई बार दोपहर करीब दो बजे फॉगिंग की जा रही है, जबकि इसका प्रभावी समय शाम करीब पांच बजे के आसपास है।
ज्ञापन में कहा कि सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं होने से व्यापारियों को असुविधा के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने पालिका प्रशासन से सभी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने और फॉगिंग की निश्चित एवं नियमित समय-सारणी निर्धारित करने की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल को नगर पालिका प्रशासन के समक्ष लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक कदम उठाने को मजबूर होना पड़ेगा। दूसरी ओर नपाध्यक्ष विहारी लाल शाह ने बताया कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था चल रही है यदि किसी कारणवश कहीं सफाई व्यवस्था व अन्य किसी प्रकार की समस्या आई है तो उस पर तत्काल कार्यवाही की जायेगी नगर क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर रखना हमारी पहली प्राथमिकता है।ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के उपेन्द्र असवाल,बलदेव रावत, उपेन्द्र राणा, अंकित चौहान, भोपाल गुंसाई, टीपीएस भंडारी आदि मौजूद थे।






