
जन एक्सप्रेस/रुद्रपुर : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने किच्छा और सिरोली नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की है। भाकपा (माले) के जिला सचिव ललित मटियाली ने जारी बयान में भाजपा सरकार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए संवैधानिक और गैर-संवैधानिक तरीकों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने किच्छा और सिरोली में नगरपालिका चुनाव को लेकर परिसीमन और चुनाव की घोषणा के समय पर भी सवाल उठाए।मटियाली ने आरोप लगाया कि धार्मिक आबादी के आधार पर परिसीमन किया गया है और इसे भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के उद्देश्य से पार्टी ने कांग्रेस उम्मीदवारों को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय निकायों में भाजपा के सत्ता में आने के बाद गरीबों की बस्तियों और छोटे व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सांप्रदायिक आधार पर विभाजन की राजनीति देखने को मिलती है।






