वाराणसी

सपा और बसपा के कारण ही भाजपा सत्ता में:शाहनवाज़ आलम

वाराणसी । अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम ने मंगलवार को कहा कि मुसलमानों को समझ में आ गया है कि जब तक वे पूरी तरह कांग्रेस को वोट करते थे तब तक भाजपा के सिर्फ दो सांसद होते थे। जब से मुसलमान सपा और बसपा में गए, भाजपा मजबूत होती गयी। आज सपा और बसपा के कारण ही भाजपा सत्ता में है।

शहर में आए प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनावों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिमों ने एंटी सपा वोटिंग की। पूर्वांचल में भी मुसलमानों की पहली पसंद अब कांग्रेस बन रही है। 2024 में मुसलमानों के कांग्रेस में वापस आने के बाद सपा खत्म हो जाएगी। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि इस पार्टी की रणनीति रही है कि केंद्र में भाजपा की सरकार रहे, ताकि मुसलमान डर के कारण विधानसभा चुनाव में सपा को वोट देते रहें। इसी रणनीति के तहत अपने जातिगत समर्थकों का वोट भाजपा में ट्रांसफ़र कराने के लिए 2019 में मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि वे नरेन्द्र मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। इसके बाद सपा-बसपा और आरएलडी के गठबंधन के बावजूद बदायूं और कन्नौज जैसी सजातीय बहुल सीटें भी मुलायम सिंह यादव के परिवार के लोग हार गए। उन्होंने कहा कि मुसलमान अब कांग्रेस में आकर दूसरे वर्गों के साथ मिलकर राहुल गाँधी को प्रधान मन्त्री बनाने का संकल्प ले चुका है। शाहनवाज आलम ने बुनकरों को भरोसा दिया कि जल्द ही बनारस में प्रदेश स्तरीय बुनकर सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याओं को दूर करायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बुनकरों का कर्ज़ माफ किया था और फ्लैट रेट पर बिजली दी थी। कांग्रेस सरकारों ने पूरे प्रदेश में कताई मिलें और यूपीका हैंडलूम जैसी संस्थाएँ बनाई थीं। जिसे बाद की सपा और बसपा सरकारों ने बर्बाद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button