मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता: रामपाल

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- 9वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के तहत विवेक नगर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्ड-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-9 में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के राज्यमंत्री एवं पूर्व मेयर रामपाल सिंह रहे।
रामपाल सिंह ने लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान करते हुए कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं। सरकार गर्भवती और धात्री महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल के लिए लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। महालक्ष्मी किट योजना का उद्देश्य प्रसव के बाद माताओं और नवजात शिशुओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। कुपोषण को समाप्त करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से संतुलित आहार लेने तथा आयरन, कैल्शियम और अन्य जरूरी पोषक तत्वों का पर्याप्त सेवन करने की अपील की।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रोनोति विश्वास ने बताया कि पोषण पखवाड़े के तहत महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वच्छता, स्तनपान, टीकाकरण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद मां को अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। नवजात के लिए मां का दूध महत्वपूर्ण पोषण स्रोत है और स्तनपान बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के वजन एवं स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के साथ पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाता है।
कार्यक्रम में पार्षद राजेंद्र राठौर, भुवन गुप्ता, सहायिका चंपा सरकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। लाभार्थियों में रोशनी, लाली, सुनीता, सरला, दिव्वांशी, राजकुमारी, दीप्ति, सुमन, कुसुम, प्रिया पाल, आरती, रोशनी देवी, शिवानी, पूजा, अमन, विमलेश, रेखा, मंजू आदि शामिल रहीं।






