उत्तर प्रदेशहरदोई

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओ व किशोरियों तथा बच्चों को किया गया जागरूक

जन एक्सप्रेस / हरदोई:    प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को सुरक्षा, स्वावलंबन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में सोमवार को हरपालपुर थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मिशन शक्ति टीम की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक अंजना सचान ने अपनी टीम के साथ ब्रम्हदेव बाबा पुलिया मंदिर पर महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान महिला आरक्षी सन्ध्या और हेमा ओमरे भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन छेड़छाड़, हैकिंग और ओटीपी फ्रॉड जैसे डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित लोगों को पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 181, 108, 102, 1076, 112, 1098 और 1930 के बारे में जानकारी दी। साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।

इस पहल का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button