कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मनायी पुण्यतिथि

वाराणसी । देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी के पुण्यतिथि को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिवस के रूप में मनाया। रविवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मैदागिन चौराहे पर जुटे कार्यकर्ताओं ने अपने नेता के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी।
आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले नेता थे राजीव गांधी
इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले नेता थे। भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही उनका अन्य बड़ा मक़सद इक्कीसवीं सदी के भारत का निर्माण रहा। अपने इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने देश में कई क्षेत्रों में नई पहल की, जिनमें संचार क्रांति और कम्प्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज आदि शामिल हैं।
अजय राय ने कहा कि देश में कम्प्यूटर क्रांति के जनक के रूप में भी वे जाने जाते हैं। उनका भाषण सुनने के लिए लोग घंटों इंतज़ार किया करते थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में कई ऐसे महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए जिसका असर देश के विकास में देखने को मिल रहा है। आज हर हाथ में दिखने वाला मोबाईल उन्हीं फ़ैसलों का नतीजा है। महज 40 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे और दुनिया के उन युवा राजनेताओं में से एक थे।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि भारत रत्न राजीव गांधी एक सच्चे लोकतंत्रवादी थे, एक ऐसे व्यक्ति थे जो सदा नये विचारों और रचनात्मक आलोचनाओं का स्वागत करते थे। राजीव गांधी ने अपने निष्कलंक सार्वजनिक और राजनैतिक जीवन में जिस भी भूमिका का निर्वहन किया, उसमें वे पूर्ण रूप से खरे उतरे। एक सांसद, प्रधानमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने जो भी भूमिका निभाई, सभी राष्ट्रहित में समर्पण भाव से अपने दायित्व का निर्वह्न किया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी भारत में सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति के प्रथम सूत्रधार थे। आज जिस डिजिटल इंडिया की बात पूरे देश में हो रही है, उसकी आधारशिला राजीव गांधी ने ही रखी थी।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि राजीव गांधी ने टेक्नाेलाॅजी, प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा, पर्यावरण आदि क्षेत्रों में नये कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया। पेयजल, खाद्यान्न, दूरसंचार, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों में भी प्रगति के लिए विभिन्न टेक्नोलाॅजी मिशन गठित किए। राजीव गांधी का एजेंडा भारत का विकास ही था और विकसित आधुनिक भारत उनका सपना था।
कार्यक्रम में पार्षद गुलशन अली, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, सजीव सिंह, फ़साहत हुसैन बाबू, डॉ राजेश गुप्ता, दिलीप चौबे, मनीष मोरोलिया, सफ़क रिजवी, बेलाल अंसारी, हसन मेहदी कब्बन, अब्दुल हमीद, पारसनाथ यादव, प्रमोद वर्मा, विनय जायसवाल आदि ने भी भागीदारी की