अपना दल में बगावत! एनडीए के 9 विधायक छोड़ सकते हैं योगी सरकार का साथ
ब्रजेंद्र पटेल के नेतृत्व में 'अपना मोर्चा' का गठन, अनुप्रिया पटेल पर लगाए गंभीर आरोप

जन एक्सप्रेस/लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में पंचायत चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। एनडीए की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) में बड़ी बगावत सामने आई है। पार्टी के बागी नेताओं ने ‘अपना मोर्चा’ नाम से एक नया राजनीतिक फ्रंट बना लिया है। मोर्चा के संयोजक ब्रजेंद्र प्रताप सिंह पटेल ने दावा किया है कि एनडीए के 9 विधायक उनके संपर्क में हैं और जल्द ही वो नया गठबंधन तैयार करेंगे।
हम ही असली अपना दल हैं” – ब्रजेंद्र पटेल का दावा
लखनऊ में एक प्रेस वार्ता के दौरान ब्रजेंद्र पटेल ने कहा कि “अपना मोर्चा ही असली अपना दल है।” उन्होंने बताया कि वह जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और इसके बाद अपना मोर्चा को एनडीए में शामिल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी से बात होते ही नौ विधायक भी उनके साथ आ जाएंगे।
अनुप्रिया पटेल पर ‘पार्टी हाईजैक’ और परिवारवाद के आरोप
ब्रजेंद्र पटेल ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अपना दल (एस) को पूरी तरह हाईजैक कर लिया है। पार्टी को बनाने वाले असली कार्यकर्ताओं को बाहर कर दिया गया और उनके पति को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया। “दस साल में एक बार भी पार्टी में लोकतांत्रिक चुनाव नहीं हुए,” उन्होंने कहा।
कुर्मी वोट बैंक में दरार, CBI जांच की मांग
ब्रजेंद्र ने आरोप लगाया कि कुर्मी समाज अब अनुप्रिया पटेल से दूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी नेता और कार्यकर्ता अब अपना मोर्चा के साथ हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल की मौत पर भी सवाल उठते हैं और इस मामले में CBI जांच होनी चाहिए।
चुनाव से पहले बीजेपी को झटका?
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव और फिर विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में यह उठापटक बीजेपी के लिए चुनौती बन सकती है। कुर्मी समाज का एक संगठित मोर्चा तैयार होना अनुप्रिया पटेल की राजनीतिक स्थिति को कमजोर कर सकता है, और इसका असर सीट बंटवारे से लेकर वोट बैंक तक देखने को मिल सकता है।





