उत्तरकाशीउत्तराखंड

निशुल्क चिकित्सा शिविरों से ग्रामीणों को राहत डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट ने बांटी दवाइयां

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी:   जनपद उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविरों ने स्थानीय लोगों को बड़ी राहत दी है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट की पहल पर यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के नौगांव, पुरोला और बड़कोट सहित कई स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए।

इन शिविरों में सैकड़ों ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में जहां चिकित्सा सुविधाएं सीमित हैं, वहां ऐसे शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।

डॉ. भट्ट ने कहा कि आर्थिक और भौगोलिक कठिनाइयों के कारण कई ग्रामीण समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं। ऐसे में निशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनसेवा अभियान जारी रहेंगे।

शिविरों के दौरान डॉ. भट्ट ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

स्थानीय लोगों ने इन शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की कमी के बीच यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है। निःशुल्क परामर्श और दवा वितरण से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट ने खुद को एक संवेदनशील चिकित्सक और समर्पित जनसेवक के रूप में स्थापित किया है। उनके प्रयासों को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिल रहा है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button