सल्ट में 10.885 किलो गांजे के साथ ऊधमसिंह नगर के दो आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /अल्मोड़ा :- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी अल्मोड़ा की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 10 किलो 885 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में ऊधमसिंह नगर जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कीमत 2 लाख 72 हजार 125 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 29 अक्टूबर को थाना सल्ट पुलिस और एसओजी अल्मोड़ा की संयुक्त टीम रगड़गाड़ तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूके-18-आर-9020 नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक सवार दोनों युवकों के कब्जे से 10.885 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतीक अली (32) निवासी ग्राम पैगा, थाना आईटीआई, जिला ऊधमसिंह नगर और दानिश (32) निवासी निजाद फार्म, जसपुर खुर्द, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना सल्ट के अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल हेमंत मनराल, एसओजी अल्मोड़ा के कांस्टेबल नीरज पाल और थाना सल्ट के कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल रहे।






