चार मंदिरों में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /लोहाघाट :- चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में नवरात्र से पूर्व चार मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सामग्री शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए लोहाघाट पुलिस ने 29 अक्टूबर 2026 को अलग-अलग स्थानों से अनुज सिंह फर्त्याल (23) और सचिन सिंह देव (25) को गिरफ्तार किया। क्षेत्र के कढ़ाई, भूमिया, महादेव और इष्टदेव मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के मोर व चेन, तांबे के नौ कलश, पीतल की घंटियां, दीपक, माता दुर्गा की मूर्ति, छत्र, भड्डू, 1,500 रुपये की नकदी और अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, मंदिरों से चोरी हुई सामग्री की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चम्पावत पुलिस ने लोगों से मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने को कहा गया है।






