हरदोई में बिजली संकट और स्मार्ट मीटर के विरोध में AAP का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर हरदोई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश की जनता गंभीर बिजली संकट का सामना कर रही है। कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें सामने आई हैं। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में किसान, व्यापारी, छात्र और आम नागरिक अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरों का भुगतान कर रही है, इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। सरकार बिजली व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
आशुतोष पाठक ने कहा कि गांवों और शहरों में लगातार बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उद्योग, व्यापार, खेती-किसानी और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है।
उन्होंने बाराबंकी की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिया जाना चाहिए।
AAP नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्रदेशभर से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और कई गुना बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। लाखों उपभोक्ता आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि रोकने, स्मार्ट मीटर और फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपभोक्ताओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेशव्यापी जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।




