बहराइच

नेपाल में बस हादसा 12 की मौत, दो भारतीय भी शामिल

रुपईडीहा। शुक्रवार की रात 8 बजे नेपालगंज से काठमांडू के लिए जा रही यात्री बस दांग जिले में पहुंचते ही राप्ती नदी में गिर गयी। इस भीषण दुर्घटना में 12 यात्रियों की मौत हो गयी। 23 यात्री गंभीर घायल हो गए। गंभीर घायलों का इलाज बुटवल, नेपालगंज व कुछ का इलाज भालुवाङ्ग में चल रहा है। मरने वालों में 9 की शिनाख्त हो चुकी है। पुलिस के अनुसार बांके की 60 वर्षीया कुसुम बस्नेत, बांके के ही 30 वर्षीय राम बरन हरिजन, बांके के खजुरा निवासी 25 वर्षीय संजय केसी, मकवानपुर निवासी 39 वर्षीय सौरभ विष्ट, काठमांडू निवासी 65 वर्षीय ताराकांत पांडेय, उत्तर प्रदेश निवासी 31 वर्षीय मुने, जुम्ला निवासी 40 वर्षीय मुन बहादुर रावत, रुकुम निवासी 25 वर्षीय दीपक कामी व भारत के बिहार निवासी 67 वर्षीय जोगेंद्र राम की मृत्यु हुई है। बस में कुल 35 यात्री थे। नेपालगंज से भे 1 ख 3912 नम्बर की माउंटेन क्वीन बस शुक्रवार की शाम 7 बजे नेपालगंज से काठमांडू के लिए चली थी। लगभग रात 10 बजे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए राप्ती नदी में जा गिरी।

दांग के डीएसपी का बयान

 

दांग जिले के भालुवाङ्ग से होती हुई राप्ती नदी बहती है। यह पहाड़ी नदी है। दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए दांग जिले के डीएसपी जनक मल्ल ने बताया कि दुर्घटना में सामान्य रूप से घायल चालक लाल बहादुर नेपाली के बयान के अनुसार पहिये का साफ्ट फेल हो गया था। स्टेरिंग घुमाने के बाद भी पहिया नही घुमा। इसलिए बस रेलिंग तोड़ते हुए राप्ती नदी में जा गिरी। उन्होंने कहा कि बस नदी से बाहर निकालने के बाद इंजन का परीक्षण किया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय ग्रामवासी व पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतकों व घायलों का उद्धार कार्य शुरू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button