बड़ा मंगल महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
हनुमान मंदिर, हज़रतगंज में विशाल भंडारा व पूजा-अर्चना का आयोजनहनुमान मंदिर, हज़रतगंज में विशाल भंडारा व पूजा-अर्चना का आयोजन

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ: राजधानी लखनऊ में अंतिम बड़का मंगलवार के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, लखनऊ द्वारा हनुमान मंदिर, पार्क रोड (सीएम आवास चौराहा, हज़रतगंज) पर भव्य धार्मिक आयोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं आस्था का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हनुमान जी महाराज की पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा रहा, वहीं दोपहर 12 बजे से प्रसाद वितरण का क्रम शुरू हुआ, जो देर तक चलता रहा। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि बड़ा मंगल के इस विशेष दिन पर सेवा, सहयोग और श्रद्धा की भावना से यह आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर अरुण कुमार त्रिपाठी (सदस्य, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया), संपादक जन एक्सप्रेस लखनऊ अशोक नवरत्न (पूर्व सदस्य, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया), पंकज दीक्षित, राज्य ब्यूरो प्रमुख जन एक्सप्रेस लखनऊ मुकेश श्रीवास्तव, विजय कुमार, शुभम तथा बृजेश पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





