
जन एक्सप्रेस /सेम :- जनपद चमोली की पारंपरिक श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के चौथे पड़ाव ग्राम सेम में नंदा अष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। 18 और 19 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय मां नंदा देवी जागरण एवं पूजा-अर्चना कार्यक्रम में पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। नंदा अष्टमी के पावन पर्व पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं ने रातभर भजन-कीर्तन कर मां नंदा की आराधना की।
ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच देवी-देवताओं का आह्वान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां नंदा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवारों की मंगलकामना की। कार्यक्रम में सेम गांव से देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर रह रहे प्रवासी ग्रामीण भी गांव पहुंचे और मां नंदा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

मंदिर समिति अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंवर, राजजात पड़ाव अध्यक्ष भगवती प्रसाद गैरोला, ग्राम प्रधान पूनम रावत सहित मंदिर समिति के सदस्य विजय सेमवाल, प्रेम सेमवाल, संदीप गैरोला, शक्ति सेमवाल, दिवाकर सेमवाल, अनुसुल सेमवाल, महेश सेमवाल, अशोक रावत, मनोज सेमवाल, गौरव सेमवाल,ओम सेमवाल,गणेश सेमवाल, दीपक सेमवाल, सौरभ सेमवाल,राहुल रावत ,लच्छू रावत और कुलदीप रावत सहित ग्रामीणों ने आयोजन में सहयोग किया। पंडित टीका प्रसाद सेमवाल ने पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

ग्रामीणों ने कहा कि नंदा अष्टमी के पावन पर्व पर मां नंदा की आराधना और जागरण की यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ गांव की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है।






