utrakhandउत्तरकाशी

ॐ छात्र संगठन उत्तरकाशी ने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा की

चंद्रप्रकाश बहुगुणा

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- छात्रसंघ चुनाव को लेकर ॐ छात्र संगठन उत्तरकाशी ने आज अपने अधिकृत प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा की। संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन की आगामी चुनावी रणनीति, विजन, छात्रहित से जुड़े मुद्दों तथा अब तक किए गए कार्यों को छात्र-छात्राओं के समक्ष रखा गया।
कार्यक्रम में चुनाव पर्यवेक्षक एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य चौहान द्वारा संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के लिए अमित शाह तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (U.R.) पद के लिए आयुष पंवार को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया।
प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच संगठन की आगामी कार्ययोजना एवं प्राथमिकताओं को लेकर भी चर्चा की गई।

संगठन की ओर से कहा गया कि छात्रसंघ चुनाव केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि महाविद्यालय में छात्रहित से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने और उनके समाधान के लिए कार्य करने का अवसर है। कार्यक्रम में संगठन द्वारा पूर्व कार्यकाल के दौरान छात्रहित में उठाए गए मुद्दों, किए गए प्रयासों तथा वर्तमान में चल रहे कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।

संगठन ने छात्र-छात्राओं के समक्ष अपना आगामी विजन और कार्ययोजना रखते हुए कहा कि आने वाले समय में शिक्षा, खेल, आधारभूत सुविधाओं, छात्र सुविधाओं, महाविद्यालय परिसर के विकास तथा विद्यार्थियों से जुड़े अन्य विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष पद के अधिकृत प्रत्याशी अमित शाह ने संगठन द्वारा उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने की बात कही।
वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के अधिकृत प्रत्याशी आयुष पंवार ने भी संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं से जुड़े विश्वविद्यालय स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से 29 तारीख को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा अपने विवेक एवं विचार के आधार पर मतदान करने की अपील की गई। साथ ही सभी प्रत्याशियों और छात्र संगठनों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों एवं आचार-संहिता का पालन करने की बात कही गई।

कार्यक्रम में ॐ छात्र संगठन के संस्थापक अमरीकन पुरी, चुनाव पर्यवेक्षक एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य चौहान, जिला अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, जिला सचिव एवं पूर्व छात्रसंघ सचिव शुभम् चमोली, पूर्व महासंघ अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ सचिव देवराज बिष्ट, जिला संयोजक एवं पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट, वरिष्ठ सदस्य आकाश भट्ट, दीपक रमोला सहित संगठन के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अधिकृत प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं तथा आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button