
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- इस वर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सोमवार तक 15,19,321 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यवस्थाएं मजबूत की हैं।
केदारनाथ धाम पहुंच रहे तीर्थयात्रियों के लिए रहने, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। मानसून से प्रभावित क्षेत्रों में मार्ग सुधार और सुरक्षा से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। चीरबासा क्षेत्र में मार्ग सुधार का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
सीसीटीवी से लगातार निगरानी
जिलाधिकारी ने बताया कि पैदल यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रा मार्ग की स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की निरंतर नजर है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।






