जौनपुर में दलित युवक पर हमला, चार आरोपितों पर एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र में दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मेढ़ा गांव निवासी पिंटू गौतम ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि 23 मई की रात वह जनरेटर लगाकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे मयाशंकर यादव, संतोष यादव, राज गौतम और अंकित गौतम ने उसे रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






