जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग।
चारधाम यात्रा के दौरान अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने सतेराखाल बाजार में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में डर का माहौल देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के तहत यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाना है। जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया, जिसने सतेराखाल बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान जब टीम ने मकान की तलाशी ली तो वहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। विभाग को कुल 11 अध्दे और 49 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की मिली, जिसे तुरंत कब्जे में ले लिया गया। इस कार्रवाई के बाद संबंधित आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को स्थानीय प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु प्रदेश में आते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए भी जोखिम पैदा कर सकती है। छापेमारी दल में उप आबकारी निरीक्षक मधुर कुमार के साथ आबकारी सिपाही रीना प्रधान, किरण प्रधान, सुंदरलाल और चंद्रिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने पूरी सतर्कता और योजना के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे बड़ी मात्रा में अवैध शराब पकड़ने में सफलता मिली। आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद यह संदेश साफ है कि प्रशासन अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






