
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : उत्तराखंड सरकार ने राज्य के रेशम किसानों को बड़ी राहत देते हुए रेशम कोकून के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह अहम फैसला लिया गया।
कैबिनेट निर्णय के अनुसार अब ए ग्रेड के कोकून का मूल्य ₹400 प्रति किलो से बढ़ाकर ₹440 प्रति किलो कर दिया गया है। वहीं बी ग्रेड कोकून का समर्थन मूल्य ₹370 से बढ़ाकर ₹395 प्रति किलो, सी ग्रेड का ₹280 से ₹290 प्रति किलो और डी ग्रेड का मूल्य ₹230 से बढ़ाकर ₹240 प्रति किलो कर दिया गया है।
इस फैसले से राज्य के हजारों रेशम पालकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य में आपदा से निपटने की तैयारियों पर भी विस्तृत प्रस्तुति दी। राज्य सरकार का यह कदम कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।