हरदोई: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
नया घर बनवाने जयपुर से आया था गांव; परिवार में मचा कोहराम

जन एक्सप्रेस/ हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान प्रेमपाल (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने गांव में नया मकान बनवाने का सपना लेकर घर आया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
तेरहवीं संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम मुरबा शहाबुद्दीनपुर निवासी प्रेमपाल पुत्र राजबहादुर, सोमवार शाम करीब 7:00 बजे धर्मपुर गांव में एक तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया-बेड़ीजोर मार्ग पर बेसहारा गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसे की भयावहता देख राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी गई और घायल प्रेमपाल को हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नया घर बनवाने का सपना रह गया अधूरा
मृतक प्रेमपाल राजस्थान के जयपुर में एक निजी फैक्ट्री में छपाई का काम करता था। वह करीब दो महीने पहले ही गांव लौटा था ताकि अपना नया मकान बनवा सके। प्रेमपाल की मौत की खबर मिलते ही पत्नी रेखा देवी और उसके दो बेटों समेत पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। खुशियों वाला घर पल भर में मातम में बदल गया।
पुलिस की कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि अस्पताल प्रशासन से मिली सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की तलाश की जा रही है।






