शौचालय निर्माण में घोटाला: ग्रामप्रधान व दो सचिवों पर एफआईआर
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई, अन्य ग्राम पंचायतों की भी होगी जांच: डीएम

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : जनपद के ग्राम पंचायत मदरहा ककटही में शौचालय निर्माण योजना में बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) की जांच में सामने आया है कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच 219 शौचालयों में से 218 शौचालय केवल कागजों पर बने और इन पर 26 लाख रुपए से अधिक की सरकारी धनराशि निकाल ली गई।
मामले में महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर हुई जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित शौचालय जमीन पर अस्तित्व में ही नहीं हैं। बावजूद इसके सरकारी रिकॉर्ड में कार्य पूर्ण दर्शाया गया और धन की निकासी कर ली गई।
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम प्रधान नजरे आलम, तत्कालीन सचिव मिलिंद्र चौधरी और संतोष कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। साथ ही दोनों सचिवों को निलंबित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य ग्राम पंचायतों की भी जांच की जाएगी और दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।






