उत्तराखंडविकासनगर

जौनसार बावर में महिला सशक्तिकरण हेतु भाजयुमो ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस/ विकासनगर: चकराता क्षेत्र के जौनसार-बावर में महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय तोमर ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र की महिलाएं कृषि, पशुपालन, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद आज भी कई महिलाएं स्वरोजगार, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल शिक्षा और बाजार तक पहुंच जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

ज्ञापन के माध्यम से भाजयुमो ने मांग की कि प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर महिला कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएं, जिससे महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को विशेष आर्थिक सहायता प्रदान करने, महिलाओं और किशोरियों के लिए स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने तथा युवतियों के लिए कंप्यूटर एवं डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की भी मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी “महिला हाट” स्थापित करने का सुझाव भी दिया, जिससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल सके और महिलाओं की आय में वृद्धि हो। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को जिला स्तर पर सम्मानित करने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में जनहित को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई। ज्ञापन सौंपने वालों में विपिन चौहान, मातवर चौहान, पप्पू जोशी, संजय जोशी और रघुवीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button