उत्तराखंडनई टिहरी

भीषण गर्मी में सड़क पर उतरीं एसएसपी, जवानों का बढ़ाया मनोबल

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी :  चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मुनि की रेती में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और भीषण गर्मी के बीच श्वेता चौबे खुद मैदान में उतरीं। उन्होंने विभिन्न ट्रैफिक प्वाइंट्स का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से सीधा संवाद किया।

जवानों को बांटे हैट और रिफ्रेशमेंट

तेज धूप और उच्च तापमान के बीच अपनी ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए एसएसपी ने उन्हें हैट (टोपी) और रिफ्रेशमेंट सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में कार्य कर रहे जवानों का स्वास्थ्य और मनोबल बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है।

खुद संभाली ट्रैफिक की कमान

एसएसपी श्वेता चौबे ने अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह और क्षेत्राधिकारी के साथ मिलकर प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था को स्वयं नियंत्रित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

चारधाम यात्रा को बताया आस्था और संस्कृति का प्रतीक

एसएसपी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस कर्मियों में दिखा नया उत्साह

भीषण गर्मी और भारी ट्रैफिक दबाव के बीच एसएसपी का खुद मौके पर पहुंचना और जवानों का उत्साहवर्धन करना पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ। इससे कर्मियों में नई ऊर्जा और कार्य के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button