उत्तर प्रदेश

निकायों में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए भाजपा उम्मीदवार को जिताएं : केशव प्रसाद मौर्य

हरदोई । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निकायों में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार जिताएं। उप मुख्यमंत्री सोमवार को शाहजहांपुर मार्ग पर बड़े मैदान में शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संजय मिश्र के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपराधियों को राजनीति में लाने का अपराध किया है। अपराध को बढ़ावा देने वाली सपा को जनता ने सत्ता की चाबी सौंपना बंद कर दिया है। इसलिए, निकाय चुनाव में प्रदेश की नगर निगमों, नगर पंचायतों एवं नगर पालिकाओं में कमल खिलने जा रहा है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा के शासनकाल में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का बोलबाला था।गरीबों का शोषण किया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा का कमल सुशासन, सुरक्षा और विकास की गारंटी है। अब माफिया और गुंडाराज खत्म हो चुका है। ऐसे में निकाय चुनाव जीताकर प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनवाएं।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वाहन करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर सम्पर्क कर ऐसे युवाओं से मिले जो पहली बार वोट डालने वाले हों, उन्हें पार्टी की सोच और लक्ष्य से परिचित कराएं। आप सभी अपने अपने बूथों पर ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ की तर्ज पर पूरी निष्ठा के साथ लगकर ऐतिहासिक जीत हासिल करें।

अंत में श्री मौर्य ने कहा कि भगवान विष्णु के अनन्य भक्त प्रह्लाद की नगरी हरदोई की मंडी समिति स्थित हेलीपैड पर आए पार्टी पदाधिकारियों, स्थानीय जनों एवं कार्यकर्ताओं ने जो स्वागत किया, उसका आप सभी का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि नगर पालिका शाहाबाद से भ्रष्टाचार और आतंक की राजनीति को खत्म कर विकास की गंगा बहाने के लिए भाजपा के उम्मीदवार संजय भैया को जिताएं।

एटा के सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा निकाय चुनाव फतह करने में कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि हरदोई की सभी सीटों पर कमल खिलाकर यहां लोग विकास को एक नया आयाम देंगे। क्षेत्र की जनता भाजपा को जिताने जा रही है। इससे नगरों की तरक्की और उन्नति में काफी लाभ होगा। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि यहां की जनता विकास और विश्वास की कसौटी को साथ लेकर चलता है। ऐसे में जनता ने चुनाव परिणाम तो पहले ही तय कर दिया है। निश्चित रूप से जिले में सभी सीटों पर कमल खिलेगा और भाजपा उम्मीदवारों की जीत होगी। यहां पर 2022 में विधानसभा क्षेत्र शाहाबाद के बसपा उम्मीदवार रहे ए0 बी0 सिंह अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र नीरज, भाजपा सांसद जय प्रकाश रावत, सुधीर हलवासिया, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावति, अजीत सिंह बब्बन, ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र, सत्येन्द्र कुमार सिंह राजपूत, राम बहादुर सिंह आदि ने भी विचार व्यक्त कर भाजपा उम्मीदवार को जिताने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button