सरकारी विभागों में नव-नियुक्तों को 70 हजार नियुक्ति-पत्र प्रदान करेंगे

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले में सरकारी विभागों में नव-नियुक्तों को 70 हजार नियुक्ति-पत्र प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर इन नव-नियुक्तियों को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को यह जानकारी दी। रोजगार मेले का आयोजन देश भर में 43 स्थानों पर किया जाएगा। इस पहल का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार के विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों व संघ शासित प्रदेशों में भर्तियां की जा रही हैं। देशभर से चयनित नव-नियुक्तों को वित्तीय सेवा विभाग, डाक विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रक्षा मंत्रालय, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, रेल मंत्रालय, लेखापरीक्षा और लेखा विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग और गृह मंत्रालय सहित विभिन्न विभागों में शामिल होंगी।
रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। उम्मीद है कि रोजगार मेला आगे रोजगार सृजन में एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।
नव-नियुक्तों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर मिलेगा। यह विभिन्न सरकारी विभागों में नये नियुक्त होने वालों के लिये कामकाज से परिचित होने का ऑनलाइन पाठ्यक्रम है। इस पोर्टल पर 400 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।






