योगाभ्यास के लिए पटना में भी हुआ इंतजाम : मुख्यमंत्री

बिहार । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को योग एवं ध्यान केंद्र का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि योगाभ्यास के लिए पटना में भी इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि पटना में योग केंद्र बनाया गया है। उनकी तरफ से लोग यहां आकर योग की ट्रेनिंग देंगे। उन लोगों के यहां रहने और मुंगेर से पटना आने जाने की सुविधा सरकार के द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। यह लोगों के हित में है। हमलोग तो योग करते ही हैं।
सीएम ने कहा कि पटना में योग केंद्र खुलने से मुझे काफी खुशी हुई है। मुंगेर के योग केंद्र में जो भी आवश्यकता थी, हमलोगों ने उसमें सहयोग किया है। भवन निर्माण विभाग एवं बिहार योग विद्यालय, मुंगेर के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर होने के पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक औपचारिकता है। वरीय पदाधिकारियों के लिए बने नवनिर्मित आवास से संबंधित पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों के लिए यहां पर भवन का निर्माण कराया गया है। अभी और आवास का निर्माण किया जाना है। किसी भी अधिकारियों को रहने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
सीएम ने कहा कि नया भवन दिखने में काफी सुंदर लगता है। पुराने भवनों को हटाकर उनके जगहों पर नया भवन बनाना है। इसको लेकर हमने अधिकारियों को निर्देश दे दिया है। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के पहले एवं सातवें तल्ले का निरीक्षण किया। इस दौरान बेडरूम, ड्राइंगरूम, किचन और बालकॉनी सहित अन्य कमरों आदि को देखा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने शास्त्रीनगर में ही नवनिर्मित योग एवं ध्यान केंद्र परिसर का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान विश्व योग पीठ, मुंगेर के परमाचार्य स्वामी निरंजनानंद सरस्वती एवं बिहार योग विद्यालय मुंगेर के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने योग एवं ध्यान केंद्र परिसर में स्थित पुस्तकालय एवं अन्य योग- कमरों को भी देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योग एवं ध्यान के लिए यहां आनेवाले प्रशिक्षकों के रहने-खाने, आवागमन एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करें ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो और ठीक ढंग से लोगों का प्रशिक्षण हो सके।






