चित्रकूट पुलिस ने पूर्व विधायक को जान से मारने की साजिश का किया पर्दाफाश

जनएक्सप्रेस, चित्रकूट: जिला पुलिस और एसओजी टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूर्व विधायक आनंद शुक्ला और सरैया थाना क्षेत्र के राजेंद्र द्विवेदी को डायनामाइट लगाकर जान से मारने की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी धीर सिंह पटेल, गोलू मामा उर्फ प्रमोद पटेल, महेश कुमार, नफीस अली, और मानू अली शामिल हैं। इन सभी को मानिकपुर थाना प्रभारी ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।

साजिश के पीछे सुपारी कनेक्शन
मुख्य आरोपी धीर सिंह पटेल ने हत्या की इस साजिश के लिए सुपारी ली थी। पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपनी साजिश कबूल की, जिसमें डायनामाइट का इस्तेमाल कर पूर्व विधायक और राजेंद्र द्विवेदी को खत्म करने की योजना बनाई गई थी। गिरफ्तार आरोपी गोलू मामा उर्फ प्रमोद पटेल पहले भी लोकसभा चुनाव के दौरान एक विवादित वीडियो में पंडितों और अहीरों के खिलाफ गाली-गलौज कर चुका है। पुलिस की जानकारी के अनुसार, चार अन्य अज्ञात अभियुक्तों की तलाश अभी जारी है।
गिरफ्तारी से पहले जारी थी दहशत
इस साजिश का खुलासा होने से पहले क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल था। पुलिस की सक्रियता और एसओजी टीम की तत्परता से इस घातक योजना को नाकाम कर दिया गया। पुलिस अब शेष अभियुक्तों की तलाश में जुटी है और इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।







