अमरोहा में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- कानून से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल या जहन्नुम

जन एक्सप्रेस /अमरोहा :- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा दौरे के दौरान ₹207 करोड़ से अधिक लागत की 42 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, किसानों, उद्योग और विपक्षी दलों पर तीखे राजनीतिक बयान दिए।
‘माफिया को मिट्टी में मिला दिया’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल “दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अपने संकल्प के अनुरूप “माफिया को मिट्टी में मिला दिया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले “रामपुर सिंडिकेट” और “सैफई सिंडिकेट” युवाओं के रोजगार के अवसरों पर कब्जा जमाते थे, लेकिन अब भाजपा सरकार में ऐसी व्यवस्था समाप्त हो चुकी है।
‘अब 100 के 100 रुपये सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहे’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले केंद्र से भेजे गए 100 रुपये में से केवल 15 रुपये ही गरीबों तक पहुंचते थे, जबकि शेष राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी।
उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सरकार द्वारा भेजे गए 100 के 100 रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहे हैं।
किसानों को मिल रहा बेहतर दाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिलता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने गन्ने का मूल्य लगभग 300 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि पहले वाली सरकारें बनी रहतीं तो प्रदेश का चीनी उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच जाता, जबकि आज एनडीए सरकार 122 चीनी मिलों का संचालन सुनिश्चित कर रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक चीनी और एथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है।
विकास और सुरक्षा दोनों को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से शुरू हुई विकास यात्रा आज भी लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में विकास के साथ-साथ सुरक्षा का माहौल भी मजबूत हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले धार्मिक आयोजनों में बाधाएं आती थीं, जबकि अब कांवड़ यात्रा और जन्माष्टमी जैसे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है।
गंगा एक्सप्रेसवे से बढ़ी अमरोहा की रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर सड़क नेटवर्क और एक्सप्रेसवे के निर्माण से दिल्ली सहित कई प्रमुख शहरों की दूरी कम हुई है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे अमरोहा की कनेक्टिविटी को नई गति मिली है और अब दिल्ली तथा लखनऊ की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान हो गई है।
ODOP से मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अमरोहा का फर्नीचर उद्योग और ढोलक उद्योग अब वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के तहत देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है।






