प्रदेश में भ्रष्टाचार, वसूली, अवैध खनन का युग खत्म : केशव प्रसाद

कौशाम्बी । उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में अधिक से अधिक सीट हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के नेताओं ने पसीना बहाना शुरू कर दिया है। पहले चरण के मतदान से पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंझनपुर के डायट मैदान मे चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के 8 नगर पंचायत एवं 2 नगर पालिका की सभी सीट पर कमल का फूल खिलना चाहिए। इसके लिए उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं की तुलना रामभक्त हनुमान से कर उन्हें उत्साहित किया। डिप्टी सीएम केशव मौर्य यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य दलित-शोषित-कमजोर लोगों के जीवन में खुशहाली लाना है। भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजना है। अपराध करने वाले माफियाओं के खिलाफ चाहें वह जमीन कब्जा करने वाले हों, चाहे अन्य प्रकार के अवैध काम करने वाले हों, फिरौती करने वाले हों, अवैध खनन करने वाले लोग हों, उनके लिए डिप्टी सीएम ने मंच से चेतावनी दी कि अब वह युग समाप्त हो गया। जब यहां अवैध काम करते थे। अब कौशांबी कि धरती और उत्तर प्रदेश की धरती में अवैध कृत्य नहीं चलने दिया जायेगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने का काम किया जाएगा।
सपा के तीन-तीन विधायक हैं, लेकिन विकास की बात नहीं करते
नगर निकाय की जनता से अपील करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, जब कौशांबी में कमल खिला तो कौशांबी भी कमल की तरह खिलेगा। जिस समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया। आज उसी पार्टी के पास तीन-तीन विधायक होते हुए…मैं वही सरकार में बैठा रहता हूँ, परन्तु कोई विधायक कौशांबी के विकास की बात भी नहीं करता।
उन्होंने जनता से सवाल कर पूछा कि क्या इनकी साईकिल चलने देनी चाहिए क्या? जनता ने सपा की साइकिल को 2014, 2017, 2019, पंचर कर दिया था। लेकिन जनता को गुमराह कर 2022 में बहुत बड़ा अंतर नहीं था मेरे साथियों… तीनों सीटो को जोड़ दें तो 25 हज़ार वोट का अंतर नहीं था।