विकसित भारत 2047 की ओर मजबूत कदम: ऐतिहासिक बजट से युवाओं, महिलाओं और उद्योगों को नई उड़ान

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर केंद्रीय बजट 2026 का लाइव प्रसारण देखा गया। इसके उपरांत जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिश्चन्द्र सिंह और सुशील उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा वंदे मातरम् के गायन से हुआ।
मुख्य वक्ता पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह युवाओं के सपनों को पंख देने वाला बजट है। इससे भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत होगी और देश शीघ्र ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह बजट छोटे व्यापारियों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
पूर्व जिलाध्यक्ष हरिश्चन्द्र सिंह ने कहा कि यह बजट महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करना ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह बजट अवसरों के नए द्वार खोलता है और 2047 तक विकसित भारत की नींव को मजबूत करता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को गति देने के लिए यह बजट दूरदर्शी रोडमैप प्रस्तुत करता है। सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, बायो-फार्मा शक्ति, रेयर अर्थ कॉरिडोर और एमएसएमई विकास जैसे कदम भविष्य की जरूरतों को पूरा करेंगे।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय बढ़ाकर बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार दी है। यह बजट राजकोषीय अनुशासन के साथ उच्च विकास का संतुलन साधता है और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में मजबूत आधार है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमित श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






