माधौगंज के बंधन अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत परिजनों का हाईवे पर प्रदर्शन

जन एक्सप्रेस / हरदोई : जिले के माधौगंज कस्बे स्थित बंधन अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। अस्पताल में भर्ती एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कानपुर-हरदोई (कटरा) हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, रुदामऊ गांव के ग्राम प्रधान अनुज कुमार की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर बंधन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान कथित लापरवाही के चलते पहले नवजात शिशु की मौत हो गई। इसके बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही।
परिजनों का कहना है कि समय रहते उचित उपचार उपलब्ध कराने के बजाय अस्पताल प्रशासन ने महिला को लखनऊ रेफर कर दिया। आरोप है कि लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही प्रसूता की भी मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने कानपुर-हरदोई (कटरा) हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण यातायात भी प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि हंगामे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल से जुड़े डॉक्टर और स्टाफ मौके से अनुपस्थित हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। साथ ही सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह और एसडीएम बिलग्राम एन. राम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की।
अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






