सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में जिलाधिकारी सख्त, टॉप-15 में रैंकिंग नहीं आई तो अधिकारियों का वेतन होगा बाधित

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं रैंकिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।जिलाधिकारी ने विभागवार ग्रेडिंग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग ‘A’ श्रेणी में है, वे अपनी उपलब्धियों को बनाए रखें, जबकि ‘B’, ‘C’ और ‘D’ श्रेणी वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक तक जनपद की रैंकिंग प्रदेश के टॉप-15 जनपदों में सुनिश्चित की जाए, अन्यथा उत्तरदायी अधिकारियों का वेतन बाधित किया जाएगा।बैठक में जिलाधिकारी ने नेडा के प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिए कि माननीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए सोलर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिक से अधिक सोलर पैनल लगवाना सुनिश्चित किया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को निर्देशित किया गया कि विकासखंड कर्वी के ऐसे सभी शिक्षक जिनके पास आवास उपलब्ध हैं, उनके घरों पर अनिवार्य रूप से सोलर पैनल लगवाए जाएं तथा सभी शिक्षकों की सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए।वहीं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में दिव्यांग पेंशनरों की संख्या लक्ष्य के सापेक्ष कम है। ग्राम पंचायत-वार जनसंख्या के आधार पर सर्वे कर पात्र लाभार्थियों का डेटा तैयार किया जाए तथा पेंशनरों की संख्या बढ़ाई जाए।
फैमिली आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का कलेक्ट्रेट तक पहुँचना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। सभी विभाग अपने स्तर पर ही शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।उन्होंने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से संवाद करें तथा निस्तारण के बाद जियो-टैग्ड फोटो पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री डी.पी. पाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, डीसी मनरेगा श्री डी.एन. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी श्री सत्य राम यादव सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






