उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंलखनऊ

जनसंख्या नियंत्रण से बनेगा भारत का भविष्य, लखनऊ में विशाल पदयात्रा का आह्वान

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ: लखनऊ में रविवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में जनसंख्या नियंत्रण कानून के समर्थन में विशाल पदयात्रा का आयोजन हुआ। गोमती नगर से शुरू होकर यह यात्रा 1090 चौराहा, यूपी दर्शन, लोहिया पार्क होते हुए विशाल खंड 2 तक गई। हजारों कार्यकर्ताओं के साथ हिंदू और मुस्लिम युवाओं ने भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार तक यह संदेश पहुंचाना था कि जनसंख्या नियंत्रण कानून भारत के विकास और स्थिरता के लिए अनिवार्य है।

बढ़ती जनसंख्या: विकास में बाधा
सभा को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि 1947 में भारत की जनसंख्या 33 करोड़ थी, जो अब 144 करोड़ से अधिक हो गई है। बढ़ती जनसंख्या से बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। चिकित्सा सुविधाओं की कमी, रोजगार के अवसरों की सीमितता और शिक्षा की अनुपलब्धता जैसी समस्याएं जनसंख्या वृद्धि के कारण और गंभीर हो गई हैं। यदि इसे नियंत्रित नहीं किया गया, तो सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संतुलन बिगड़ सकता है।

युवाओं से जनांदोलन में जुड़ने की अपील
गोपाल राय ने युवाओं से अपील की कि वे इस मुद्दे को एक जनांदोलन का रूप दें और कानून के समर्थन में आवाज उठाएं। उन्होंने बताया कि जनसंख्या पर नियंत्रण से ही देश के संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है। शिक्षा, रोजगार, भोजन और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को सभी के लिए सुलभ बनाने के लिए यह कानून बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इसे जल्द लागू नहीं किया, तो आंदोलन और तेज हो सकता है।

मुख्यमंत्री की नीतियों की सराहना
श्री राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके शासन में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा मिला है। हालांकि, अब सरकार को जनसंख्या नियंत्रण कानून पर प्राथमिकता से काम करने की आवश्यकता है। इस दौरान पुलिस आयुक्त लखनऊ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने इसे भारत के विकास और स्थिरता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button