हाथरस के लोगों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, विशेष स्वास्थ्य योजना शुरू

जन एक्सप्रेस/ हाथरस: शहर एवं जनपद के नागरिकों को किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अग्रवाल युवा मंडल मेडिकल स्टोर और SRH मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ किया गया है।
इस योजना के तहत आम नागरिकों को कई स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष रियायतें दी जाएंगी। योजना के अनुसार ओपीडी (OPD) मात्र ₹50 में उपलब्ध होगी। इसके अलावा पैथोलॉजी जांच पर 50 प्रतिशत, दवाइयों पर 20 प्रतिशत तथा आईपीडी (IPD) उपचार पर 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से सभी वर्गों के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक नागरिकों को पहले निर्धारित रजिस्ट्रेशन केंद्रों पर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद ही लाभार्थी इस स्वास्थ्य योजना के तहत मिलने वाली सभी रियायती सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इस जनकल्याणकारी पहल की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए अलीगढ़ रोड स्थित JK Donalt Restaurant में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में आयोजकों ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य हाथरस के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।






