utrakhand

रुद्रप्रयाग में भटवाड़ी सुनार में जन चौपाल, 19 शिकायतों पर मौके पर कार्रवाई, पेयजल-पेंशन समेत कई समस्याओं का समाधान

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भटवाड़ी सुनार में जन संवाद एवं जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित जन चौपाल की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जन चौपाल में ग्रामीणों ने शुद्ध पेयजल, गौशाला निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा मुआवजा, किसान एवं दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड तथा बंदरों के बढ़ते आतंक जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। कार्यक्रम में कुल 19 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी जागरूक किया। जिला सूचना अधिकारी ने ग्रामीणों से भविष्य में भी जन संवाद कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रीति पंवार, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई सौरभ चौहान, ग्राम विकास अधिकारी लोकेश देवी, रोजगार सेवक सीमा बिष्ट, कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button