
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी: जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में टीएचडीसी हाइड्रोपावर अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएचटी), भागीरथीपुरम्, नई टिहरी से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान टीएचडीसी-आईएचटी के निदेशक द्वारा संस्थान की भूमि के सीमांकन का मुद्दा उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, भागीरथीपुरम् एवं उप महाप्रबंधक (पुनर्वास) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एक सप्ताह के भीतर भूमि सीमांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कुछ व्यक्तियों द्वारा संस्थान की भूमि पर अनाधिकृत निर्माण किया गया है। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी टिहरी की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए, जो जल्द ही अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में महाप्रबंधक टीएचडीसी विजय सहगल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, निदेशक टीएचडीसी-आईएचटी प्रो. एस.के. प्रधान, उप महाप्रबंधक (पुनर्वास) राकेश थपलियाल, तहसीलदार टिहरी धीरज राणा, वरिष्ठ प्रबंधक (पुनर्वास) शक्ति प्रसाद चमोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






