
जन एक्सप्रेस/ विकासनगर: उप चिकित्सालय विकासनगर के नव नियुक्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही अस्पताल में अनुशासन, साफ-सफाई और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
दैनिक भास्कर से बातचीत में डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि अस्पताल के सभी कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा और मरीजों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करना अनिवार्य होगा। उन्होंने मेंटेनेंस स्टाफ सहित सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही, अनुशासनहीनता या मरीजों से दुर्व्यवहार की शिकायत प्राप्त होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनका उद्देश्य अस्पताल में ऐसी व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे प्रत्येक मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि विकासनगर उप चिकित्सालय में जौनसार-बावर, हिमाचल प्रदेश और रवाई क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए उन्होंने अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार के लिए उच्च अधिकारियों से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में अस्पताल को अधिक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दूर-दराज़ के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।
नए प्रभारी के कार्यभार संभालने के बाद अस्पताल में अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती दिखाई देने लगी है। अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य मरीजों को स्वच्छ वातावरण, समयबद्ध उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।






