रूस के कई रेडियो स्टेशन हैक कर राष्ट्रपति पुतिन का फर्जी भाषण किया गया प्रसारित

मॉस्को। रूस में कई रेडियो स्टेशनों को हैक कर राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन का फर्जी भाषण प्रसारित किया गया। इसकी पुष्टि क्रेमलिन ने सोमवार को की। इस भाषण में यूक्रेन के सैनिकों के हमले और यूक्रेन की सीमा से लगे तीन क्षेत्रों में आपातकालीन उपायों की घोषणा की गई। हैकिंग का यह प्रयास दक्षिण-पश्चिमी बेलगोरोड में घुसपैठ के कई प्रयासों और तीव्र गोलाबारी के बीच हुई है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे फर्जी संदेशों में “नाटो द्वारा और वॉशिंगटन की सहमति व समर्थन से हथियारों से लैस यूक्रेनी सैनिकों ने कुर्स्क, बेलगोरोड और ब्रांस्क” क्षेत्रों पर आक्रमण किया है। इस फर्जी संदेश में पुतिन से मिलती आवाज तीन क्षेत्रों में मार्शल लॉ, जनरल मोबलाइजेशन और नागरिकों के निकलने की घोषणा की।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव को राज्य द्वारा संचालित एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने जानकारी देते हुए कहा, “यह वास्तव में एक हैक था”। हालांकि 40 मिनट तक चली हैकिंग को जल्द नियंत्रण कर लिया गया। बेलगोरोड क्षेत्र के प्रशासनिक केंद्र ने कहा कि मैसेज नकली था, जिसका उद्देश्य “शांतिपूर्ण बेलगोरोड निवासियों के बीच दहशत पैदा करना था।” बेलगोरोड के पड़ोसी वोरोनिश क्षेत्र ने भी अपने निवासियों को फर्जी भाषण और हेकिंग की जानकारी दी और बताया कि चिंता की कोई बात नहीं है।






