
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी : खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत विकासखण्ड जाखणीधार की न्याय पंचायत नन्दगाँव के ग्राम पंचायत भवन मठियाली में एक कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रोशन लाल ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय किसान शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक कृषि अधिकारी राजेश कुमार ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी के डॉ. आर.एस. वाली ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के फायदे बताए। वहीं डॉ. नवीन तड़ियाल ने मृदा परीक्षण प्रयोगशाला में मिट्टी की जांच करवाकर वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों द्वारा किसानों के साथ जनसंवाद भी किया गया, जिसमें किसानों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।
उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक पिपलडाली के उपप्रबंधक अभिषेक ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना और बैंकिंग सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अंकुर कुमार, शिखा विश्वास, शीतल राणा और मीनू ने भी विभागीय योजनाओं पर अपने विचार रखे और किसानों को जागरूक किया।
गोष्ठी के अंत में ग्राम प्रधान रोशन लाल ने किसानों से अपील की कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।




