utrakhandउत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

किसानों का कलेक्ट्रेट पर डेरा बरकरार, दूसरे दिन भी धरना जारी

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  भूमि संबंधी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। किसान कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बाहर दूसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे। आंदोलन को उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने समर्थन दिया। दोनों नेताओं ने किसानों के बीच पहुंचकर धरने में भाग लिया।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचने के दौरान किसानों की पुलिस से अंदर जाने को लेकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई थी। इस दौरान किसानों ने कलेक्ट्रेट के बाहर लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी थी। इसके बाद किसानों ने रामपुर-नैनीताल हाईवे की एक लेन पर यातायात रोककर विरोध जताया।करीब ढाई घंटे तक चले गतिरोध के बाद प्रशासन और किसान नेताओं के बीच वार्ता हुई। वार्ता के बाद किसानों ने हाईवे से जाम हटाया और कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। किसान शुक्रवार रात भी धरना स्थल पर मौजूद रहे। रात में आंदोलनरत किसानों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।

शनिवार सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से किसान धरना स्थल पर पहुंचते रहे। किसान नेताओं ने कहा कि भूमि और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सभी किसानों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। कलेक्ट्रेट परिसर और धरना स्थल के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button