खाद्य विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों पर की छापेमारी, 6 नमूने लेकर भेजा जांच को

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़ :- जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाकर छापामार कार्रवाई की। जिला अभिहित अधिकारी अभय कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने विभिन्न तहसीलों में रेस्टोरेंट, मिष्ठान एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, पनीर, खोया, घी और मैंगो सीरप समेत कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। अभियान के दौरान टीम ने पट्टी क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसके बाद कुण्डा तहसील के राजापुर बिन्धन स्थित मिश्रा पनीर केंद्र से पनीर का एक नमूना लिया गया।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र के जीआईसी रोड स्थित सादाब एजेंसी से दूध के दो नमूने संग्रहित किए गए। इसी क्रम में चौक स्थित खोया मंडी से खोया का एक नमूना लिया गया। पृथ्वीगंज स्थित सूरज किराना प्रतिष्ठान से एक घी ( अनिक ) का नमूना तथा चौक तिराहा स्थित बनवारी लाल एंड सन्स से मैजिंग मैंगो सीरप का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी छह नमूनों को विधिवत संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसमें सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सचलदल में रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी एवं डा० शमशुन नेहा खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण उपस्थित रहे।






