मजदूरी भुगतान और खाद बीज के लिए धान बेचने मंडी पहुंच रहे किसान

धमतरी । कृषि उपज मंडी में इन दिनों किसान, मजदूरी भुगतान और खाद बीज के लिए धान बेंचने मंडी पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन यहां लगभग दो हजार क्विंटल धान की आवक बनी हुई है। मंडी में धमतरी शहर के साथ आसपास के गांव से किसान धान बेचने पहुंच रहे हैं। कृषि उपज मंडी में धान का सही भाव नहीं मिलने से अधिकांश किसानों में निराशा है।
इन दिनों अंचल के किसान , खरीफ फसल की तैयारी में जुट गए हैं। खेती किसानी का खर्च निबटाने के उद्देश्य से किसान धान लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। धान का वाजिब रेट नहीं मिलने से किसानों में निराशा है। मंडी में पहले जैसे आढ़तियों,राइस मिलर, व्यापारियों की भीड़ दिखाई नहीं पड़ रही। अर्ली वैराइटी का धान उत्पादन करने वाले किसान ही नया धान लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। माहभर के दौरान मंडी में धान कि आवक घट गई है। माहभर पूर्व जहां मंडी में पांच हजार से छह हजार क्विंटल धान की आवक हो रही थी वहीं अब इसकी आवक घटकर दो हजार क्विंटल में सिमट गई है। किसान धान का अनुमानित भाव नहीं मिलने से निराश हैं। मालूम हो कि मंडी में पहुंचने वाला धान धमतरी जिले के गांवों के साथ ही साथ समीपवर्ती बालोद जिले का भी है। जानकारी के अनुसार श्यामतराई कृषि उपज मंडी में अधिकांश धान की कीमत 1370 से 1800 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रही है।