जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़।
जन समस्याओं को लेकर पिथौरागढ़ में एक बार फिर राजनीतिक सक्रियता देखने को मिली, जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह वल्दिया ने विकासखंड मुनाकोट के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय जनता की समस्याओं का जायजा लिया। दो दिवसीय इस क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान उन्होंने सिलौनी, क्वींगांव, हल्दू और तडेमिया ग्राम पंचायतों का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना।
क्षेत्र भ्रमण के उपरांत वीरेन्द्र सिंह वल्दिया ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसमें विभिन्न जन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से सिलौनी-क्वींगांव मोटर मार्ग के सुधार कार्य में तेजी लाने की बात कही गई है। साथ ही जमतड़ी-हल्दू नव निर्मित मोटर मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग भी उठाई गई है।
वल्दिया ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों और बागवानों की समस्याओं को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने क्वींगांव, सिलौनी, हल्दू और तडेमिया क्षेत्रों में फसलों और फलों को हुए नुकसान का कृषि, उद्यान एवं राजस्व विभाग द्वारा सर्वेक्षण कराकर प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तडेमिया में शिक्षकों की कमी को दूर करने और आवश्यक नियुक्तियां सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर भी उन्होंने अहम सुझाव दिए। ज्ञापन में ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग शामिल है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इसके अतिरिक्त गोगना-सल्ला एवं सल्ला-रावतगाड़ा मोटर मार्ग पर बरसात के दौरान आने वाले मलबे को नियमित रूप से हटाने की व्यवस्था करने की आवश्यकता भी जताई गई है।
वीरेन्द्र सिंह वल्दिया ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का समयबद्ध समाधान बेहद जरूरी है। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि जनहित के इन मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं और प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। विशेष रूप से ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए राहत प्रदान करने की मांग की। जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया है। https://youtu.be/KDe0fqpPAKY?si=Qw-_j0T43_CFrJVS






