उत्तर प्रदेशहरदोई

सर्राफा कारोबार में लाखों की ठगी का खुलासा फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार

 जन एक्सप्रेस / हरदोई :  जनपद के साण्डी थाना पुलिस ने सर्राफा कारोबार से जुड़े लाखों रुपये की ठगी और आभूषण हड़पने के मामले का खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,06,500 नकद सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, साण्डी थाना क्षेत्र के चचरापुर गांव निवासी रंजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विपिन गुप्ता ने चचरापुर में सर्राफा की दुकान संचालित कर रखी थी। आरोप है कि उसने कई लोगों से रुपये उधार लिए और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गया। इस संबंध में साण्डी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी क्रम में नवाबगंज निवासी अरविंद कुमार ने भी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि विपिन गुप्ता और प्रिंस गुप्ता उनकी दुकान से बिक्री के नाम पर आभूषण लेकर गए थे, लेकिन भुगतान नहीं किया। आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपियों ने अभद्रता की और बाद में फरार हो गए।

एक अन्य शिकायतकर्ता शिवसागर पाल ने बताया कि उन्होंने अपना सोने का हार तथा अन्य ग्रामीणों ने भी अपने आभूषण गिरवी रखे थे, लेकिन आरोपी दुकान बंद कर गायब हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साण्डी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ₹1,06,500 नकद, सोने-चांदी के हार, मंगलसूत्र, झुमके, बाला, कुंडल, नथ, पायल, बिछुआ, हाथफूल, चैन और लाल मोती की माला सहित बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए।

सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button