उत्तर प्रदेशहरदोईहादसा

24 घंटे बाद नहर में मिला शिक्षक का शव,परिवार की उम्मीदें हुईं खत्म

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई : हरदोई में जिस शिक्षक के सकुशल लौटने की आस में परिवार 24 घंटे से नहर किनारे टकटकी लगाए बैठा था, आखिरकार वह इंतजार दर्दनाक अंत में बदल गया। मल्लावां में बंदर को बचाने की कोशिश में नहर में समाए सहायक अध्यापक अवनीश पटेल का शव बरामद कर लिया गया है। हादसे वाली जगह से करीब दो किलोमीटर आगे गांव के पास नहर में शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी 29 वर्षीय अवनीश पटेल बालामऊ के पैरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। सोमवार सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहे थे। गौसवा नहर के पास अचानक बाइक के सामने बंदर आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराई और अवनीश नहर के गहरे पानी में जा गिरे। हादसे के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोर, फ्लड पीएसी और एनडीआरएफ की टीमें लगातार नहर में उनकी तलाश कर रही थीं।

करीब 24 घंटे तक चलती रही तलाश आखिरकार उस खबर पर खत्म हुई, जिसे सुनने के लिए परिवार तैयार नहीं था। हादसे वाली जगह से करीब दो किलोमीटर दूर गांव के पास नहर में अवनीश का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस परिवार को सुबह से अवनीश के सकुशल लौटने की उम्मीद थी, उसके सामने अब मातम का मंजर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button