हरदोई में सरकारी गेहूं चोरी का भंडाफोड़, एसडीएम की छापेमारी में 16 बोरी गेहूं बरामद

जन एक्सप्रेस/हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सरकारी राशन की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नानकगंज गांव में प्रशासन ने छापेमारी कर सरकारी गेहूं चोरी के खेल का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 16 बोरी सरकारी गेहूं बरामद किया गया, जबकि चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे ई-रिक्शा और कांटे को भी कब्जे में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) गोदाम के बाहर खड़े ट्रकों से सरकारी गेहूं चोरी किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर मयंक कुंडू ने नायब तहसीलदार, लेखपालों और पुलिस टीम के साथ देर शाम मौके पर छापेमारी की।
जांच के दौरान टीम को मौके पर सरकारी गेहूं की बोरियां मिलीं, जिससे चोरी की पुष्टि हो गई। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 16 बोरी गेहूं बरामद कर लिया। साथ ही एक ई-रिक्शा और वजन करने वाला कांटा भी जब्त किया गया, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर गेहूं ढोने और तौलने में किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि इन दिनों सरकारी खरीद केंद्रों से बड़ी मात्रा में गेहूं ट्रकों के जरिए केंद्रीय भंडारण निगम गोदाम भेजा जा रहा है। गोदाम के बाहर ट्रकों की लंबी कतार लगी रहती है। इसी दौरान कुछ लोग ट्रकों से गेहूं की बोरियां उतारकर चोरी कर रहे थे।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बरामद गेहूं, ई-रिक्शा और कांटे को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
एसडीएम मयंक कुंडू ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी राशन माफियाओं में खलबली मची हुई है। पुलिस और प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस चोरी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह खेल कब से चल रहा था।





