पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ संपन्न हुआ हनुमत महायज्ञ, श्रद्धालुओं ने लिया बुराइयों को त्यागने का संकल्प

जन एक्सप्रेस/आजमगढ़: आजमगढ़ के जहानागंज क्षेत्र में 21 मई से भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ हनुमत महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ गुरुवार को पूर्णाहुति और भव्य भंडारे के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में आस्था व्यक्त की।
यज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान यज्ञशाला में पुनीत सिंह, पिंटू सिंह, देवेंद्र सिंह, आशुतोष सिंह रिंकू, रिंकल सिंह, सुनील सिंह, शिशिर सिंह टुनटुन, प्रदीप सिंह और रामाश्रय सिंह सहित कई यजमानों ने परिवार के साथ यज्ञ कुंड में आहुतियां डालीं।
मुख्य यज्ञाचार्य स्वामी चित्यप्रकाशानंद जी महाराज के नेतृत्व में विद्वान ब्राह्मण राजेंद्र त्रिपाठी, योगेश ब्यास, अभय गर्ग, हर्ष तिवारी एवं साध्वी डॉ. अपराजिता द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार कराया गया। मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी बुराइयों को त्यागने और सद्मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
यज्ञशाला में जहां एक ओर पूर्णाहुति की आहुतियां दी जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालु परिक्रमा कर धार्मिक वातावरण में भक्ति रस का आनंद ले रहे थे। दोपहर तक चले हवन में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विजय कुमार सिंह भक्कू, ओमप्रकाश सिंह, दीनानाथ सिंह, निलेश सिंह, सत्यम सिंह, शेषनाथ सिंह, आशीष सिंह और हरिद्वार सिंह सहित कमेटी के सदस्य भंडारे की व्यवस्था में जुटे रहे। गांव की महिलाओं ने भी आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।
पूर्णाहुति के बाद दोपहर से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर विधायक अखिलेश यादव, भाजपा नेता रामदर्शन यादव, आनंद गुप्ता, दिलीप मिश्रा, रामनगीना सिंह, संदीप राय, धर्मवीर सिंह और कमलेश राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






